RPSC SI पुनः परीक्षा 2026: सुरक्षा, नए नियम और महत्वपूर्ण अपडेट
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित होने वाली उप-निरीक्षक / प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 की तारीखें नजदीक आ रही हैं। यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को प्रदेश के 11 जिलों में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में लगभग 2.18 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
आरपीएससी अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ हुई एक अहम बैठक में सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, नकल या डमी अभ्यर्थी बैठाने के प्रयासों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बायोमेट्रिक जांच और फेस रिकग्निशन जैसी आधुनिक तकनीकों से फर्जीवाड़े की संभावनाओं को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। ‘राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022’ के तहत अनियमितता पाए जाने पर त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्र और पाली
यह परीक्षा प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें 2 लाख 18 हजार 131 पंजीकृत अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। प्रमुख जिलों में केंद्रों की संख्या इस प्रकार है:
- अजमेर: 74
- अलवर: 48
- भरतपुर: 58
- बीकानेर: 47
- हनुमानगढ़: 23
- जयपुर: 187 (सर्वाधिक)
- जोधपुर: 81
- कोटा: 58
- श्रीगंगानगर: 10
- टोंक: 16
- उदयपुर: 64
परीक्षा का आयोजन दो पारियों में किया जाएगा:
- प्रथम पारी: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (सामान्य हिंदी का पेपर)
- द्वितीय पारी: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक (सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान की परीक्षा)
प्रवेश पत्र और महत्वपूर्ण तिथियाँ
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 17 सितंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने आवश्यक विवरण दर्ज कर समय पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
ओएमआर शीट में 5वां विकल्प अनिवार्य
इस बार ओएमआर शीट में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य कर दिया गया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे यह पांचवां गोला आवश्यक रूप से भरना होगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। आयोग ने इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर शुद्धि पत्र भी जारी किया है।
केंद्र पर प्रवेश के कड़े नियम
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत, अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
हाईटेक निगरानी और प्रतिबंध
जालसाजी, नकल या डमी अभ्यर्थी को रोकने के लिए गहन बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लागू किया गया है, जिसमें थंब इंप्रेशन और फेस रिकॉगनीशन का उपयोग होगा। प्रवेश के दौरान एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से गहन जांच की जाएगी। मेटा ग्लासेस एवं ब्लूटूथ डिवाइसेज़ जैसे हाईटेक उपकरणों की रोकथाम के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी, साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। पूर्व में डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर एसओजी एवं एटीएस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पिछली परीक्षा का संदर्भ
उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2021 का विज्ञापन 3 फरवरी 2021 को जारी किया गया था। पिछली परीक्षा में 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी (13 से 15 सितंबर 2021) शामिल हुए थे। पेपर लीक के कारण वह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया गया, जिसमें पहले केवल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मौका दिया गया था, लेकिन बाद में सभी अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने की छूट दे दी गई।
सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं! समय पर अपने केंद्र पर पहुंचें और नियमों का पालन करें।